February 5, 2026

बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल: मनोरंजन नहीं, मौत का जाल ऑनलाइन गेमिंग

बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल...

नई दिल्ली, 5 फरवरी : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मंगलवार और बुधवार की रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तीन सगी बहनों ने एक इमारत की नौवीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उनकी आत्महत्या का कारण एक ऑनलाइन “कोरियन लव गेम” है।

यह न तो पहली ऐसी घटना है और न ही केवल एक परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी। बल्कि यह डिजिटल युग में बच्चों और किशोरों की सुरक्षा को लेकर एक कड़ी चेतावनी है। बीते कुछ वर्षों में देशभर में कई युवाओं ने ऑनलाइन गेमिंग, खतरनाक डिजिटल चुनौतियों और मानसिक दबाव के कारण अपनी जान गंवाई है। अब सवाल यह उठता है कि मनोरंजन के लिए बनाए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म आखिर मौत के जाल में कैसे बदलते जा रहे हैं? और इन्हें रोका कैसे जा सकता है?

गाजियाबाद में क्या हुआ?

साहिबाबाद की भारत सिटी सोसाइटी में रहने वाली तीन नाबालिग बहनों ने अपने नौवीं मंज़िल के फ्लैट की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें लंबे समय से मोबाइल फोन पर कोरियन ऑनलाइन गेम खेल रही थीं।

वे न तो स्कूल जा रही थीं और न ही घर से बाहर सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा ले रही थीं। उन्होंने कोरियन नाम भी अपना लिए थे और धीरे-धीरे कोरियाई संस्कृति के अनुसार व्यवहार करने लगी थीं। इस स्थिति से परेशान होकर पिता ने उनका मोबाइल फोन ज़ब्त कर लिया और करीब 15 दिन पहले उसे बेच दिया। इसके बाद तीनों बहनें मानसिक तनाव में आ गईं। मंगलवार रात लगभग 1:45 बजे उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

बताया जा रहा है कि उन्होंने आठ पन्नों का एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें परिवार द्वारा कोरियाई संस्कृति अपनाने से मना किए जाने को आत्महत्या का कारण बताया गया है। हालांकि मामला बेहद संवेदनशील और जटिल है, इसलिए पुलिस फिलहाल विस्तृत जानकारी देने से बच रही है।