मुंबई, 7 फरवरी : भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर विश्व मंच पर तिरंगा लहराकर देश का नाम रोशन किया है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त देकर छठी बार ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।
अमिताभ बच्चन ने विरोधियों पर कसा तंज
इस शानदार जीत के बाद अभिनेता अमिताभ बच्चन ने टीम को बधाई देते हुए विरोधियों पर तीखा निशाना साधा। बिग बी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी खुशी साझा करते हुए लिखा, “U19 क्रिकेट इंडिया.. वर्ल्ड चैंपियन! दुश्मनों को ठोक दिया!! ब्लाइंड, महिला और पुरुष क्रिकेट.. सभी विश्व विजेता हैं। हम नंबर 1 हैं.. दुनिया में सबसे ऊपर। हम ‘तीसरी दुनिया’ (3rd World) नहीं, बल्कि ‘पहली दुनिया’ (First World) हैं!! भारत माता की जय।”
14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास
भारत की इस जीत के हीरो 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। वैभव ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए महज 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए। यह टूर्नामेंट के इतिहास में फाइनल मुकाबले में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान आयुष महात्रे (53) और अभिग्यान कुंडू (40) ने भी अहम योगदान दिया। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव में रखा। हालांकि कालेब फाल्कनर ने 115 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। पूरी टीम भारत के स्कोर से 100 रन पीछे रह गई।

More Stories
T20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान ने लिया अपना रुख बदलने का संकेत
अंडर-19 के 14 वर्षीय धुरंधर वैभव को डेब्यू के लिए अभी करना होगा इंतजार
‘घूसखोर पंडत’ के डायरैक्टर और टीम पर केस दर्ज, शांति भंग करने का आरोप