February 8, 2026

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद अब रूसी तेल खरीद पर बना सस्पेंस

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद अब...

नई दिल्ली, 8 फरवरी : भारत ने शनिवार को इस बात की न तो पुष्टि की और न ही इनकार किया कि उसने रूसी कच्चे तेल की खरीद बंद करने का फैसला किया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगाए गए 25 फीसदी दंडात्मक शुल्क को वापस ले लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क को हटाने संबंधी एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कदम भारत-अमेरिका के बीच घोषित व्यापार समझौते के कुछ दिन बाद उठाया गया है।

व्यापार समझौते में क्या तय हुआ?

व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ को 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने की घोषणा की थी। इसके बदले में भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद बंद करने, अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने और व्यापारिक बाधाओं को कम करने की बात कही गई थी। अपने कार्यकारी आदेश में ट्रंप ने कहा, “भारत ने रूसी संघ से तेल का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके साथ ही भारत ने अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने और अगले 10 वर्षों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए एक ढांचे पर सहमति दी है।”

दोबारा शुरू हुई खरीद तो फिर लगेगा टैक्स

कार्यकारी आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि अमेरिकी वाणिज्य सचिव को यह जानकारी मिलती है कि भारत ने रूसी तेल का आयात दोबारा शुरू किया है, तो भारत के खिलाफ अतिरिक्त कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी। इसमें भारतीय वस्तुओं पर फिर से 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगाना भी शामिल हो सकता है। हालांकि ट्रंप के दावों पर भारत की ओर से कोई सीधा जवाब नहीं दिया गया है। इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के पहले दिए गए बयान का हवाला दिया गया।

उन्होंने कहा, “1.4 अरब भारतीयों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाजार की स्थितियों और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाना हमारी रणनीति का अहम हिस्सा है।”

रूसी तेल की खरीद में आई भारी गिरावट

हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में भारत द्वारा रूसी कच्चे तेल की खरीद में काफी गिरावट दर्ज की गई है। इसे बदलते वैश्विक हालात और भारत-अमेरिका संबंधों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

यह भी देखें : तोशाखाना-2 मामले में इमरान खान और बुशरा बीबी को 17 वर्ष की सजा