इस्लामाबाद/ढाका, 10 फरवरी : क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पाकिस्तान सरकार ने टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार का अपना फैसला वापस ले लिया है। अब भारत और पाकिस्तान के बीच यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने बयान जारी कर कहा कि बांग्लादेश और श्रीलंका की अपील तथा खेल भावना को बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
इससे पहले श्रीलंका के राष्ट्रपति और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बातचीत कर इस मामले को सुलझाने की अपील की थी।
बांग्लादेश मुद्दे से जुड़ा था विवाद
गौरतलब है कि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में टी-20 विश्व कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसके चलते बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। इस मुद्दे पर पाकिस्तान बांग्लादेश का समर्थन कर रहा था।
ICC ने दी बांग्लादेश को राहत
आईसीसी (ICC) ने अब स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा और भविष्य में उसे किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी भी सौंपी जा सकती है। इसके बाद ही पूरे विवाद के समाधान का रास्ता साफ हुआ। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा कि यह फैसला किसी डर या दबाव में नहीं, बल्कि खेल की भावना और विश्व क्रिकेट के हित में लिया गया है। इस सहमति के साथ ही विश्व कप पर मंडरा रहा संकट टल गया है।
अब 15 फरवरी पर टिकी निगाहें
इससे पहले पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा से मुलाकात की थी। इमरान ख्वाजा को आईसीसी ने इस विवाद पर मध्यस्थ नियुक्त किया था और वे पिछले कुछ समय से नकवी के संपर्क में थे।
सभी सहमतियों के बाद क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब 15 फरवरी को होने वाले भारत–पाकिस्तान के इस महामुकाबले पर टिकी हुई हैं, जिसका इंतजार दुनिया भर के फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।
यह भी देखें : ई.पी.एफ.ओ. ला रही यू.पी.आई. एप, पैसा निकालना होगा ओर आसान

More Stories
51 खिलाड़ियों के लिए नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान, विराट–रोहित को झटका
भारत पाकिस्तान टी-20 : मुम्बई से कोलंबो हवाई किराया 60 हजार से पार
रणजी ट्रॉफी: के.एल. राहुल के 24वें शतक ने तोड़ा मुंबई का सपना