चंडीगढ़, 13 फरवरी : पंजाब मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच उपमुख्यमंत्री पद को लेकर लॉबिंग तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक अनुसूचित जाति वर्ग से किसी नेता को डिप्टी सीएम बनाने की कोशिशों के बीच अब सामाजिक सुरक्षा और महिला विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि वे मुख्यमंत्री भगवंत मान की पहली पसंद हो सकती हैं।
एक तीर से दो निशाने की रणनीति
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि डॉ. बलजीत कौर को डिप्टी सीएम बनाकर सरकार दो बड़े संदेश देना चाहती है। पहला, चुनावी वर्ष को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के वोट बैंक को साधना। उनका विभाग महिलाओं को 1,000 रुपये मासिक सहायता देने की योजना से जुड़ा है और इसके लिए डेटा तैयार करने की जिम्मेदारी भी इसी विभाग पर है।
दूसरा, पार्टी ने 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले अनुसूचित जाति समुदाय से उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था। उस समय सरकार नहीं बनने के कारण यह वादा अधूरा रह गया। अब जबकि आम आदमी पार्टी सत्ता में है, यह मुद्दा फिर चर्चा में है।
हरपाल सिंह चीमा का भी नाम चर्चा में
सीनियर एससी नेता हरपाल सिंह चीमा को भी पार्टी का मजबूत चेहरा माना जाता है। वे पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान विपक्ष के नेता रहे थे और वर्तमान सरकार में वित्त, कराधान और आबकारी जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाल रहे हैं। कैबिनेट वरिष्ठता सूची में उन्हें दूसरा स्थान प्राप्त है। हालांकि अब तक उन्हें उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया है, लेकिन पार्टी में संकट की स्थिति में उन्हें आगे किया जाता रहा है।
डॉ. बलजीत कौर की राजनीतिक पृष्ठभूमि
डॉ. बलजीत कौर मलोट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और पूर्व फरीदकोट सांसद प्रो. साधु सिंह की पुत्री हैं। वे मजहबी सिख समुदाय से संबंध रखती हैं और कैबिनेट वरिष्ठता सूची में चौथे स्थान पर हैं। उल्लेखनीय है कि वे वर्तमान मंत्रिमंडल में एकमात्र महिला मंत्री हैं। डिप्टी सीएम पद को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और हाईकमान स्तर पर होने की संभावना है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में डॉ. बलजीत कौर के नाम की चर्चा जोर पकड़ती जा रही है।
यह भी देखें : शुरुआती कारोबार में बाजार 1% से अधिक लुढ़का

More Stories
फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी की संभावना
खेल-खेल में बोरीयों के नीचे दब कर गई मासूम की जान
कैप्टन अमरिंदर को तलब करने वाले ईडी अधिकारी का तबादला