February 13, 2026

लुधियाना के 9 वर्षीय अमन के हत्यारे का पता बताने वाले को पुलिस देगी ईनाम

लुधियाना के 9 वर्षीय अमन के हत्यारे का पता...

लुधियाना, 13 फरवरी : लुधियाना पुलिस ने शहर में नौ साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 20,000 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। 7 फरवरी को कासाबाद इलाके में एक खाली प्लॉट के पास झाड़ियों में नौ वर्षीय अमन का शव बरामद हुआ था। बच्चे का गला कटा हुआ था। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

आरोपी की पहचान, वांछित पोस्टर जारी

जांच के दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान अजय निवासी कासाबाद के रूप में की। आरोपी के ‘वांछित’ पोस्टर शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैं ताकि उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2020 में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में जोधेवाल पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उस मामले में उसे 20 साल की सजा सुनाई गई थी।

पुलिस हिरासत से हुआ फरार

बताया जा रहा है कि 2 फरवरी को आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी पुख्ता सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि मासूम को न्याय दिलाया जा सके।

यह भी देखें :पंजाब में डिप्टी सी.एम. की पोस्टों को लेकर लॉबिंग तेज