चंडीगढ़, 13 फरवरी : फरवरी की बढ़ती गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दो नए पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के नजदीक पहुंच रहे हैं, जिनके प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।
इन क्षेत्रों में बदलेगा मौसम पैटर्न
आईएमडी के मुताबिक 13 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 16-17 फरवरी के आसपास फिर से वर्षा की संभावना जताई गई है।16 से 18 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं, उत्तर-पूर्व भारत के अरुणाचल प्रदेश में 14 और 15 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है।
17 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ भूमध्य सागर और मध्य-पूर्वी क्षेत्रों में बनने वाली एक मौसमी प्रणाली है, जो उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंचती है। सर्दियों में यही प्रणाली पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा का कारण बनती है। लगातार दो विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में तेजी से बदलाव संभव है।
तापमान पर क्या होगा असर?
आईएमडी के अनुसार अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत, उत्तर-पूर्वी राज्यों और मध्य प्रदेश में रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। देश के अन्य हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। दक्षिण भारत में कर्नाटक, केरल, माहे, कोंकण और गोवा में फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
यह भी देखें :कैप्टन अमरिंदर को तलब करने वाले ईडी अधिकारी का तबादला

More Stories
18 जून को चंडीगढ़ में सार्वजनिक छुट्टी, गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर लिया गया फैसला
चंडीगढ़ में मेडिकल स्टोर पर अंधाधुंध फायरिंग, कैशियर की मौत
भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम बदला, तेज आंधी-बारिश-ओलावृष्टि से लोगों को राहत