नई दिल्ली, 13 फरवरी : अमेरिका में एनबीसी एंकर और ‘टुडे’ शो की होस्ट सवाना गुथरी की 84 वर्षीय मां नैन्सी गुथरी को लापता हुए दो सप्ताह से अधिक समय हो चुका है। अब तक उनके बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
इस मामले में Federal Bureau of Investigation (FBI) ने दो हफ्ते बाद एक संदिग्ध की तस्वीर और वीडियो जारी की है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, पहले संदिग्ध के बारे में जानकारी देने पर 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 1 लाख डॉलर कर दिया गया है।
डोरबेल कैमरे में कैद हुआ संदिग्ध
नैन्सी गुथरी का कथित रूप से उनके एरिजोना स्थित घर से अपहरण किया गया था। FBI द्वारा जारी की गई तस्वीर और वीडियो डोरबेल कैमरे से प्राप्त हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, फुटेज में दिखाई दे रहा नकाबपोश व्यक्ति हथियारबंद था।
जांच एजेंसियों का कहना है कि जिस रात नैन्सी लापता हुईं, उसी रात संदिग्ध को सुरक्षा उपकरणों से छेड़छाड़ करते हुए देखा गया। FBI के अनुसार, फुटेज में दिख रहे व्यक्ति की लंबाई लगभग 5 फीट 9 इंच से 5 फीट 10 इंच के बीच है और उसका शरीर मध्यम कद-काठी का है। घटनास्थल से कई दस्ताने भी बरामद किए गए हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि संदिग्ध ने उन्हें पहना था या नहीं।
सवाना गुथरी की भावुक अपील
इससे पहले सवाना गुथरी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया था। उन्होंने अपहरणकर्ताओं से अपील करते हुए कहा,
“हम आपसे विनती करते हैं कि हमारी मां को सुरक्षित वापस लौटा दें। वह हमारे लिए बेहद कीमती हैं। उन्हें वापस लाने के लिए जितनी भी रकम देनी पड़े, हम देने को तैयार हैं।”
नैन्सी गुथरी के अपहरण को दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला के बारे में अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। जांच एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

More Stories
Gold Price Target 2026: क्या सोना 2 लाख के पार जाएगा?
अब बदतमीज़ी नहीं कर पाएंगे रिकवरी एजेंट, RBI ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश
शुरुआती कारोबार में बाजार 1% से अधिक लुढ़का