अमृतसर, 13 फरवरी : पंजाब में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ पर दिए गए बयान के विरोध में आम आदमी पार्टी ने राज्यभर में जोरदार प्रदर्शन किए। इसी कड़ी में शुक्रवार को अमृतसर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन के बाहर बैंड बजाकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रताप सिंह बाजवा का पुतला फूंका।
प्रदर्शन की अगुवाई दक्षिणी हलके के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, केंद्रीय हलके के विधायक डॉ. अजय गुप्ता, पश्चिमी हलके के विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, लोकसभा इंचार्ज जसकरण सिंह बंदेशा, जिला प्रधान शहरी प्रभबीर सिंह बराड़ और जिला प्रधान देहाती गुरप्रताप सिंह संधू ने की।
‘जातिवादी टिप्पणी से झलकती है कांग्रेस की मानसिकता’
‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रताप सिंह बाजवा द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ की गई कथित जातिवादी टिप्पणी कांग्रेस की दलित और मेहनतकश वर्ग के प्रति नकारात्मक सोच को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याण कार्यों से घबराकर कांग्रेस इस तरह के निम्न स्तर के बयान दे रही है। नेताओं ने कहा कि हरभजन सिंह ईटीओ साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं, उन्होंने शिक्षा के बल पर उच्च सरकारी पद हासिल किया और बाद में लोगों की सेवा के लिए राजनीति में प्रवेश किया।
माफी तक जारी रहेगा विरोध
वहीं, ‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रताप सिंह बाजवा विशेषाधिकार प्राप्त पृष्ठभूमि से आते हैं और आम लोगों की भावनाओं को नहीं समझते। ‘आप’ नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक प्रताप सिंह बाजवा अपने कथित अपमानजनक बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनके और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।

More Stories
केएमवी ने शुरू किया क्षेत्र का पहला स्टूडेंट-रन रेस्टोरेंट
खेल-खेल में बोरीयों के नीचे दब कर गई मासूम की जान
कैप्टन अमरिंदर को तलब करने वाले ईडी अधिकारी का तबादला