February 20, 2026

पंजाब पुलिस की 645 ठिकानों पर छापेमारी, 236 गिरफ्तार

पंजाब पुलिस की 645 ठिकानों पर...

चंडीगढ़, 20 फरवरी : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 30वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े 645 चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की। इस निर्णायक मुहिम की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को डीजीपी गौरव यादव ने की थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के समन्वय से सभी जिलों में विशेष कार्रवाई जारी है।

236 गिरफ्तार, 4 हथियार बरामद

30वें दिन की कार्रवाई में पुलिस ने 236 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार हथियार बरामद किए। अभियान शुरू होने से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 10,214 तक पहुंच गई है। इसके अलावा 79 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 121 लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने 12 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया।

एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन जारी

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे वांछित अपराधियों या गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय सूचना एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर साझा करें। इस दौरान पुलिस ने नशों के खिलाफ चल रही मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 355वें दिन 100 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 7.7 किलोग्राम हेरोइन, 100 ग्राम अफीम, 6,631 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 8,760 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।

पिछले 355 दिनों में कुल 50,338 नशा तस्करों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। नशा मुक्ति अभियान के तहत आज 37 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया।

यह भी देखें : एलएमएचपी फेलोज नशा मुक्ति अभियान की ‘आस की किरण’ बनें: डॉ. बलबीर सिंह