February 23, 2026

निझज्जर हत्या मामले में संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक न हो : कनाडा सरकार

निझज्जर हत्या मामले में संवेदनशील जानकारी ...

टोरांटो, 22 फरवरी : कनाडा सरकार ने ब्रिटिश कोलंबिया की एक अदालत में याचिका दायर कर अनुरोध किया है कि वर्ष 2023 में खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से जुड़े मामले में ऐसी कोई भी संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक न की जाए, जिससे अंतरराष्ट्रीय संबंधों और राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंच सकता हो। यह अर्जी कनाडा के अटॉर्नी जनरल की ओर से दाखिल की गई है।

ट्रायल इस साल के अंत में शुरू होने की संभावना

ब्रिटिश कोलंबिया अभियोजन सेवा के प्रवक्ता के अनुसार मामला फिलहाल प्री-ट्रायल चरण में है। सुनवाई अगस्त से पहले शुरू होने की संभावना नहीं है, जबकि ट्रायल इस वर्ष के अंत तक शुरू हो सकता है। सरकार का कहना है कि कुछ दस्तावेजों और सबूतों के सार्वजनिक होने से कनाडा के अन्य देशों के साथ संबंध प्रभावित हो सकते हैं।

चार भारतीय नागरिकों पर हत्या और साजिश के आरोप

इस मामले में चार भारतीय नागरिक करण बराड़, कमलप्रीत सिंह, करणप्रीत सिंह और अमनदीप सिंह—पर हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और ट्रायल शुरू होने तक हिरासत में ही रहेंगे।

18 जून 2023 को हुई थी गोली मारकर हत्या

हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने संसद में हत्या में भारतीय एजेंटों की संभावित संलिप्तता का आरोप लगाया था।

भारत ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

भारत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया था। इस विवाद के बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों में तनाव बढ़ गया था।