February 27, 2026

पंजाब-हरियाणा सीमा पर अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा

पंजाब-हरियाणा सीमा पर अवैध शराब...

पटियाला, 27 फरवरी : पंजाब और हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। हरियाणा पुलिस द्वारा पंजाब मार्का शराब से भरी दो गाड़ियां जब्त किए जाने के बाद इस पूरे प्रकरण के तार सीधे तौर पर पटियाला से जुड़ते नजर आ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए Sonipat पुलिस की टीम पटियाला पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार, हरियाणा में पकड़ी गई भारी मात्रा में शराब के स्रोत की तलाश में पुलिस ने पटियाला के विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी है।

अनाज मंडी और फोकल प्वाइंट में छापेमारी

पुलिस टीमों ने शहर की अनाज मंडी, फोकल प्वाइंट और अन्य संदिग्ध स्थानों पर बारीकी से जांच की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक बड़े शराब कारोबारी के ठिकानों पर की जा रही है, जिसकी पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि जब्त की गई शराब फैक्ट्री से सीधे निकाली गई थी या किसी गोदाम से तस्करी के जरिए हरियाणा भेजी गई।

आबकारी विभाग में मची हलचल

हरियाणा में पंजाब की शराब पकड़े जाने की खबर से पटियाला के आबकारी (एक्साइज) विभाग में भी हलचल मच गई है। संबंधित अधिकारियों ने ठेकेदारों के स्टॉक और माल के रिकॉर्ड की दोबारा जांच शुरू कर दी है। एईटीसी राजेश कुमार ऐरी ने कहा कि फिलहाल उन्हें इस मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की जाएगी।

अंतर-राज्यीय तस्करी नेटवर्क की आशंका

हरियाणा पुलिस की सख्त कार्रवाई से संकेत मिल रहे हैं कि यह मामला केवल दो गाड़ियों तक सीमित नहीं हो सकता। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई बड़ा अंतर-राज्यीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। आने वाले दिनों में इस मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना है और कुछ बड़े नाम जांच के दायरे में आ सकते हैं।

यह भी देखें : धार्मिक पहचान से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं: जत्थेदार गड़गज्ज