March 13, 2026

मेहनत की मिसाल बनी प्रिया: 1 किलो मशरूम से शुरू किया कारोबार

मेहनत की मिसाल बनी प्रिया...

भागलपुर, 13 मार्च : कहते हैं कि जब मेहनत के बीज सपनों की मिट्टी में बोए जाते हैं, तो सफलता की फसल जरूर लहलहाती है। बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड के कलगीगंज गांव की रहने वाली प्रिया देवी ने अपनी मेहनत और लगन से इस कहावत को सच कर दिखाया है। एक छोटे से प्रयास से शुरू हुआ उनका सफर आज आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक कहानी बन चुका है।

प्रिया देवी ने साल 2020 में सिर्फ 1 किलो मशरूम से उत्पादन की शुरुआत की थी। शुरुआत भले ही छोटी थी, लेकिन उनके हौसले बड़े थे। पिछले छह वर्षों में लगातार मेहनत और सीखने की इच्छा ने उनके इस छोटे से प्रयास को सफल व्यवसाय में बदल दिया। आज प्रिया देवी पूरे साल बटन, मिल्की और ऑयस्टर मशरूम का उत्पादन करती हैं। मशरूम की खेती से उन्हें हर महीने करीब 25 से 30 हजार रुपये की आमदनी हो रही है। उनकी सालाना कमाई अब लगभग 3 से 4 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है।

पति का मिला पूरा सहयोग

इस सफर में उनके पति विनोद कुमार भी हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे। खेतों से शुरू हुई यह कहानी दरअसल गांव में आयोजित किसान चौपाल से प्रेरित होकर आगे बढ़ी। करीब छह साल पहले बिहार सरकार के कृषि विभाग की ओर से गांव में किसान चौपाल का आयोजन किया गया था। उसी दौरान प्रिया देवी को मशरूम उत्पादन के बारे में जानकारी मिली और उनकी रुचि इस खेती की ओर बढ़ गई।

इसके बाद प्रिया देवी ने ‘आत्मा’ (ATMA) से प्रशिक्षण लिया। आगे चलकर उन्हें केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में उन्नत प्रशिक्षण लेने का मौका भी मिला। वहां से तकनीकी जानकारी हासिल करने के बाद उन्होंने मशरूम उत्पादन को और बेहतर तरीके से शुरू किया और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

‘मशरूम दीदी’ के नाम से मशहूर

आज प्रिया देवी अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में ‘मशरूम दीदी’ के नाम से जानी जाती हैं। उनकी सफलता सिर्फ उनकी अपनी नहीं रही, बल्कि कई अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है। उन्होंने अब तक दर्जनों महिलाओं को मशरूम उत्पादन की ट्रेनिंग दी है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई है।

प्रिया देवी द्वारा उगाए गए मशरूम की स्थानीय बाजार में अच्छी मांग है, जिससे उन्हें बेहतर आय मिलती है। इसके साथ ही वे महिला समूहों के माध्यम से अन्य महिलाओं को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद कर रही हैं।