March 14, 2026

मोगा में अमित शाह की हुंकार : अब अपने दम पर बनाएंगे सरकार

मोगा में अमित शाह की हुंकार...

मोगा, 14 मार्च : केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने शनिवार को मोगा की धरती से पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज़ कर दिया। नानकशाही नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने साफ कहा कि अब भाजपा पंजाब में “छोटे भाई” (जूनियर सहयोगी) की भूमिका में नहीं रहेगी, बल्कि अपने दम पर सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

अपने दम पर सरकार बनाने का दावा

अमित शाह ने कहा कि जिस तरह केंद्र सरकार ने देश में नक्सलवाद पर लगाम लगाई है, उसी तरह पंजाब में नशे की समस्या को भी जड़ से खत्म किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

पंजाब के सामने तीन बड़े खतरे

गृह मंत्री ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य तीन बड़े खतरों—गैंगस्टर संस्कृति, जबरन धर्म परिवर्तन और भ्रष्टाचार—का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर इन तीनों समस्याओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इन्हें पूरी तरह खत्म करने की कोशिश की जाएगी।

‘बदलाव रैली’ में दिखा उत्साह

इससे पहले अमित शाह मोगा में भाजपा की ‘बदलाव रैली’ में शामिल हुए। केसरिया पगड़ी पहनकर पहुंचे शाह का पंजाब भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

कैप्टन अमरिंदर सिंह की गैरहाजिरी रही चर्चा में

रैली के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री Amarinder Singh की गैरमौजूदगी को लेकर रही। हालांकि उनकी पत्नी Preneet Kaur और बेटी Jai Inder Kaur मंच पर मौजूद थीं। भाजपा की इस रैली को पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी देखें : मध्य पूर्व तनाव के बीच पंजाब में गहराया गैस संकट, बुजुर्ग की मौत