समाचार, 23 मार्च: श्री मुक्तसर साहिब में पुलिस ने एक बड़े जासूसी नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में रहकर भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी लीक कर रहे थे।
पंजाब सरकार और डीजीपी के निर्देशों के तहत चल रही विशेष मुहिम के दौरान एसएसपी अभिमन्यु राणा के नेतृत्व में जिला पुलिस ने सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत किया। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ और पुलिस टीम ने बठिंडा बाईपास क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दो व्यक्तियों—अकासदीप सिंह उर्फ मिंटू और बलराज सिंह—को गिरफ्तार किया, जबकि उनका एक साथी प्रीतपाल सिंह उर्फ जोगराज सिंह उर्फ जग्गा पहले से ही जेल में बंद है।
पाकिस्तानी एजेंटों को सेना की गोपनीय जानकारी
जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबरों के संपर्क में थे और पैसों के लालच में देश विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। वे सेना के गोपनीय कार्यक्रमों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई तक पहुंचा रहे थे।
पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने विशाखापट्टनम में आयोजित “स्वरक्षा महोत्सव 2025” के दौरान फोटो और वीडियो बनाकर आगे भेजे थे। इसके अलावा वे अन्य संवेदनशील सैन्य जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। देश विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

More Stories
भगवंत मान सरकार का सार्वभौमिक स्वास्थ्य मॉडल आयुष्मान भारत से बेहतर
ओ.टी.एस. स्कीम से 111.16 करोड़ की वसूली, व्यापारियों का बढ़ा भरोसा: हरपाल सिंह चीमा
‘रंगला पंजाब’ की ओर बढ़ रहा राज्य, सांस्कृतिक मेलों में फिर लौटी रौनक: भगवंत सिंह मान