पटियाला, 25 मार्च : पंजाब की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आ गया जब पिछले छह महीनों से पुलिस को चकमा दे रहे दुष्कर्म के आरोपी विधायक हरमीत सिंह पठाणमाजरा को आखिरकार पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जा चुके पठाणमाजरा पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हुए हैं।
लुक-आउट नोटिस के बावजूद बचता रहा
बताया जा रहा है कि 2 सितंबर से फरार चल रहे इस विधायक के खिलाफ लुक-आउट नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन वह लगातार पुलिस से बचता रहा। पंजाब सरकार के प्रवक्ता के अनुसार अब उसकी सभी कोशिशें नाकाम हो चुकी हैं और जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
यह गिरफ्तारी पंजाब पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि पिछले 48 घंटों में जेल जाने वाले यह दूसरे विधायक हैं। इससे पहले सोमवार को पूर्व जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
ग्वालियर के पास से गुप्त ऑपरेशन में पकड़ा गया
पटियाला पुलिस ने एक बेहद गोपनीय और रोमांचक ऑपरेशन के तहत मध्य प्रदेश के ग्वालियर के पास से हरमीत पठाणमाजरा को गिरफ्तार किया। एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार, एसपी वैभव चौधरी की अगुवाई में पिछले 48 घंटों से चल रही सटीक योजना ने इस कार्रवाई को संभव बनाया। पुलिस की 6 टीमें देश के 7 राज्यों में उसकी तलाश कर रही थीं, लेकिन वह लगातार बच निकल रहा था। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ बयान देने के बाद उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई थी।
पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में कदम
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम है और यह स्पष्ट संदेश है कि कानून से कोई भी ऊपर नहीं है, चाहे वह कितना ही बड़ा पद क्यों न रखता हो।

More Stories
पठानमाजरा की गिरफ्तारी ‘ड्रामा’: मजीठिया का AAP सरकार पर हमला
स्पीकर कुलतार संधवां ने पंजाब विधानसभा डायरी-2026 का किया विमोचन
पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा पंजाब