March 25, 2026

1 साल की बच्ची को मुख्यमंत्री सेहत योजना से मिला जीवनरक्षक इलाज

1 साल की बच्ची को मुख्यमंत्री सेहत...

चंडीगढ़, 25 मार्च : पंजाब में 1 वर्षीय बच्ची ख्वाहिश मुख्यमंत्री सेहत योजना की सबसे कम उम्र की लाभार्थी बनी है। निमोनिया से पीड़ित बच्ची को समय रहते मुफ्त और कैशलेस इलाज मिला, जिससे उसकी जान बच सकी। श्री मुक्तसर साहिब में बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां पहले से बने सेहत कार्ड के कारण तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया। परिवार को न तो पैसे का इंतजाम करना पड़ा और न ही किसी लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।

डॉक्टरों की निगरानी में मिला त्वरित उपचार

डॉ. मोनिका गर्ग की देखरेख में दीप अस्पताल में बच्ची का इलाज किया गया। समय पर चिकित्सा मिलने से उसकी हालत में तेजी से सुधार हुआ और वह सुरक्षित रूप से स्वस्थ हो गई। संगरूर और मानसा जैसे जिलों में भी कम वजन और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों को इस योजना के तहत बिना किसी आर्थिक बाधा के इलाज मिल रहा है।

‘इलाज में कोई बाधा नहीं’ – स्वास्थ्य मंत्री

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इलाज में न आर्थिक और न ही प्रशासनिक रुकावट आए। इस योजना के तहत हर परिवार को सालाना ₹10 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवर मिलता है। मरीज 900 से अधिक सरकारी और निजी अस्पतालों में 2300 से ज्यादा चिकित पैकेजों के तहत इलाज करवा सकते हैं।

लाखों परिवारों को मिला लाभ

अब तक 26 लाख से ज्यादा सेहत कार्ड जारी किए जा चुके हैं। योजना के तहत बढ़ते मामलों से साफ है कि पंजाब में स्वास्थ्य सेवाएं अब ज्यादा तेज, सुलभ और प्रभावी हो रही हैं। पंजाब सरकार लोगों को सेहत कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा परिवार इस योजना का लाभ उठाकर मुफ्त इलाज प्राप्त कर सकें।

यह भी देखें : नंगल में 800 एकड़ जमीन का मालिकाना हक मिलेगा: हरजोत सिंह बैंस