March 26, 2026

नीरव मोदी को बड़ा झटका: लंदन हाई कोर्ट ने खारिज की पुनर्विचार याचिका

नीरव मोदी को बड़ा झटका: लंदन हाई कोर्ट...

नई दिल्ली, 26 मार्च : भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी को बड़ा झटका लगा है। लंदन हाई कोर्ट ने उनकी पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है, जिससे भारत प्रत्यर्पण का रास्ता लगभग साफ हो गया है। अदालत ने बुधवार को नीरव मोदी की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ अपने मामले को दोबारा खोलने की मांग की थी। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में ऐसी कोई असाधारण परिस्थितियां नहीं हैं, जिनके आधार पर पुनर्विचार किया जाए।

2019 से लंदन की जेल में बंद

नीरव मोदी, करीब 13,000 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक घोटाला के मुख्य आरोपी हैं। वह 19 मार्च 2019 से लंदन की जेल में बंद हैं और भारत उनकी प्रत्यर्पण की लगातार कोशिश कर रहा है। सुनवाई के दौरान सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) की टीम लंदन पहुंची थी। क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस के वकील ने CBI के सहयोग से नीरव मोदी की याचिका के खिलाफ मजबूत दलीलें पेश कीं।

संजय भंडारी केस का दिया गया हवाला

CBI के अनुसार, यह याचिका हथियार कारोबारी संजय भंडारी के मामले में आए फैसले के आधार पर दायर की गई थी, लेकिन एजेंसी के निरंतर प्रयासों से इस चुनौती को पार कर लिया गया। CBI के मुताबिक, नीरव मोदी पर अकेले 6,498.20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। एजेंसी 2018 से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है।

लंदन हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को बड़ी गति मिलने की संभावना है, जो भारत के सबसे बड़े बैंकिंग घोटालों में से एक मामले में अहम कदम माना जा रहा है।

यह भी देखें : मां सोनिया की देखभाल कर रही केरल की नर्स के मुरीद हुए राहुल गांधी