April 2, 2026

चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी की CFO नलिनी मलिक IDFC बैंक घोटाले में गिरफ्तार

चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी की CFO नलिनी मलिक...

चंडीगढ़, 2 अप्रैल : चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) नलिनी मलिक को 116 करोड़ रुपये के IDFC फर्स्ट बैंक घोटाले में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी आर्थिक अपराध शाखा (EOW) द्वारा नगर निगम की शिकायत पर दर्ज फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट (FDR) मामले में की गई। जांच में बड़े वित्तीय गड़बड़ी के संकेत मिले हैं।

बैंक अधिकारियों से मिलीभगत का आरोप

पुलिस के अनुसार, नलिनी मलिक ने बैंक मैनेजर रिभव रिशी और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर शेल कंपनियां बनाईं और सरकारी धन का गबन किया। जांच में सामने आया कि नगर निगम के नाम पर खाते खोलकर 116 करोड़ रुपये की फर्जी FDR तैयार की गईं। बाद में इस राशि को रियल एस्टेट कारोबार में निवेश किया गया।

रिश्वत के जरिए अधिकारियों को पहुंचाया पैसा

घोटाले में शामिल लोगों ने करोड़ों रुपये की रकम नकद और बैंक खातों के जरिए अधिकारियों तक पहुंचाई, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। यह घोटाला तब उजागर हुआ जब स्मार्ट सिटी लिमिटेड के बंद होने के दौरान अधिकारियों ने अपनी FDR तोड़ने के लिए बैंक से संपर्क किया, लेकिन रिकॉर्ड में पैसा मौजूद नहीं मिला।

इस मामले में पुलिस पहले ही ‘क्रेस्ट’ (CREST) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुखविंदर सिंह और अकाउंटेंट साहिल कुक्कड़ को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी देखें : चंडीगढ़ में BJP दफ्तर के बाहर ग्रेनेड हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े