April 3, 2026

भगवंत सिंह मान ने गांव चीमा में संत अतर सिंह जी महाराज अस्पताल का किया उद्घाटन

भगवंत सिंह मान ने गांव चीमा में संत अतर...

संगरूर, 3 अप्रैल : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चीमा में संत अतर सिंह जी महाराज अस्पताल का उद्घाटन किया। 11.70 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 30 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव लाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अस्पताल 15 गांवों के लगभग 50 हजार लोगों के साथ-साथ आसपास के 35–40 हजार निवासियों को भी किफायती और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराएगा।

पहले मरीजों को इलाज के लिए संगरूर, पटियाला और लुधियाना रेफर किया जाता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। अस्पताल में आधुनिक मशीनें, इमरजेंसी सेवाएं और जच्चा-बच्चा वार्ड उपलब्ध होंगे।

मेडिकल कॉलेज की भी तैयारी

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि संत बाबा अतर सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।

पुराने केंद्र का हुआ विस्तार

यह स्वास्थ्य केंद्र 1975 में 10 बिस्तरों से शुरू हुआ था, जिसे बाद में 20 और अब बढ़ाकर 30 बिस्तरों तक किया गया है। यह केंद्र अब आपातकालीन सेवाओं और सर्जिकल सुविधाओं के साथ क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

अस्पताल में ईएनटी, दंत चिकित्सा, बाल रोग विशेषज्ञ, मुफ्त जच्चा-बच्चा सेवाएं, एक्स-रे और रक्त जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही नशा मुक्ति उपचार की सुविधा भी दी जाएगी।

नशा मुक्त पंजाब पर जोर

मुख्यमंत्री ने नशे को कानूनी मान्यता देने के विचार को खारिज करते हुए कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा में ले जाना ही इसका समाधान है। राज्य सरकार पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।