संगरूर, 3 अप्रैल: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चंडीगढ़ में भाजपा दफ्तर के बाहर हुए हमले को लेकर केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ केंद्र के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना केंद्र की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर इस घटना के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, तो केंद्र सरकार को चंडीगढ़ पंजाब को सौंप देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है।
आप बनाम कांग्रेस: टैक्स नीति पर टकराव
भगवंत सिंह मान ने कहा कि जहां आम आदमी पार्टी सरकार जनता पर आर्थिक बोझ कम कर रही है, वहीं हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार एंट्री टैक्स लगाकर लोगों पर अतिरिक्त भार डाल रही है। उन्होंने इस टैक्स को जन-विरोधी और गैर-वाजिब करार दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हिमाचल सरकार के इस फैसले का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
किसानों के साथ खड़ी है पंजाब सरकार
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। आढ़तियों की मांगों को केंद्र सरकार के समक्ष लगातार उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार फसल की सुचारू और बिना बाधा खरीद सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि पहले की तरह इस बार भी किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हर मुद्दे पर बेबुनियाद तरीके से पंजाब सरकार को दोषी ठहराने की कोशिश करती है, जबकि चंडीगढ़ की प्रशासनिक जिम्मेदारी केंद्र के पास है। उन्होंने भाजपा को ऐसी बयानबाजी से बचने की सलाह दी।

More Stories
बठिंडा में कपड़ा व्यापारी से 23 लाख की ठगी, फिरोजपुर के दो लोगों पर केस
माहिलपुर पुलिस को बड़ी सफलता, 7 मोटरसाइकिल और 1 एक्टिवा बरामद, चार चोर गिरफ्तार
जालंधर कैंट में बिजली ट्रांसफार्मर में भीषण आग, इलाके में अफरा-तफरी