चंडीगढ़, 6 अप्रैल: पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट, जबकि अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के करीब 20 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई। 14 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 6 जिलों में तेज तूफान का अलर्ट है।
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा
फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम में यह बदलाव एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है, जो इस समय पाकिस्तान और पंजाब के आसपास सक्रिय है। इसके अलावा 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम में फिर बदलाव आ सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
पिछले 24 घंटों में तापमान में हल्का बदलाव देखा गया है और यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 3-4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिसके बाद फिर इसमें गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को भी राज्य के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

More Stories
पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अधिकारियों के तबादले
हाईकोर्ट का फैसला: माइनिंग माफिया से जुड़े अफसरों पर कार्रवाई के आदेश
मुख्यमंत्री ने बारिश से बर्बाद हुई फसल की विशेष गिरदावरी के आदेश दिए