April 7, 2026

बांग्लादेश क्रिकेट: सरकार ने बोर्ड भंग किया, अब एडहॉक कमेटी संभालेगी जिम्मेदारी

बांग्लादेश क्रिकेट: सरकार ने बोर्ड भंग...

नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट इस समय बड़े संकट से गुजर रहा है। सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को भंग कर दिया है। अब बोर्ड का कामकाज एक एडहॉक कमेटी के जरिए चलाया जाएगा। कुछ दिन पहले ही बोर्ड के सात अधिकारियों ने अचानक इस्तीफा दे दिया था, जिससे प्रशासनिक संकट गहरा गया। इसके बाद हालात को संभालने के लिए सरकार ने यह सख्त फैसला लिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक जांच समिति ने पिछली चुनाव प्रक्रिया में कई अनियमितताओं की पहचान की थी। इसके आधार पर राष्ट्रीय खेल परिषद बांग्लादेश ने बोर्ड को भंग करने का निर्णय लिया।

11 सदस्यीय एडहॉक कमेटी का गठन

खेल परिषद ने अब 11 सदस्यीय एडहॉक कमेटी बनाई है, जो अगले 90 दिनों के भीतर नए और पारदर्शी चुनाव कराएगी। फिलहाल यही कमेटी क्रिकेट बोर्ड के सभी कामकाज की निगरानी करेगी। मामले को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बातचीत जारी है। परिषद के अधिकारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं।

भारत से रिश्तों में तनाव

इस बीच भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में भी तनाव देखने को मिला है। बांग्लादेश ने 2026 के T20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया था, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं।

इस विवाद का असर खिलाड़ियों पर भी पड़ा है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से भी वापस ले लिया गया, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई।