April 8, 2026

होशियारपुर को बड़ी सौगात: ₹516 करोड़ से स्वास्थ्य और सड़क विकास को रफ्तार

होशियारपुर को बड़ी सौगात: ₹516 करोड़...

होशियारपुर, 8 अप्रैल: भगवंत सिंह मान ने जिले में 516 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, सड़क कनेक्टिविटी में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना शामिल है।

मुख्यमंत्री ने 99 करोड़ रुपये की लागत से बलाचौर-गढ़शंकर-होशियारपुर-दसूहा सड़क परियोजना का शुभारंभ किया। यह 105 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर चंडीगढ़ को पठानकोट और जम्मू-कश्मीर से जोड़ेगा। इससे दिल्ली और जम्मू के बीच दूरी कम होगी और आनंदपुर साहिब, माता नैना देवी और माता ज्वाला जी जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

मेडिकल कॉलेज और 300 बेड का अस्पताल

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज दो वर्षों में पूरा किया जाएगा। इसमें हर साल 100 एमबीबीएस छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही 300 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बनाया जाएगा, जिसमें ओपीडी, एमआरआई, सीटी स्कैन और विशेष विभागों की सुविधा होगी।

शाम चौरासी क्षेत्र में 30 बेड के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर की आधारशिला रखी गई, जो आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, लैब, एक्स-रे और मातृत्व सेवाओं से लैस होगा। इससे 40 से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा क्षेत्र में 7 नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोलने की घोषणा भी की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शाम चौरासी विधानसभा क्षेत्र में 385 करोड़ रुपये की अतिरिक्त परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जो क्षेत्र के समग्र विकास को गति देंगी।

सरकार के कामकाज और विपक्ष पर निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में तेजी से विकास कार्य किए हैं और लोगों से किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे सरकार के विकास कार्यों से घबराकर साजिशें कर रहे हैं।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार राज्य को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों की रफ्तार लगातार बढ़ाई जा रही है।