चंडीगढ़, 9 अप्रैल : आम आदमी पार्टी के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बयानों को विरोधाभासी और सिख मर्यादाओं के खिलाफ बताया है।
कंग ने कहा कि सिखों की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब के फैसलों पर सवाल उठाना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह सुखबीर बादल की हताशा को भी दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक जमीन खिसकने के कारण बादल अब पवित्र संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं।
पहले मानी गलती, अब बदल रहे बयान
कंग ने कहा कि जब सुखबीर बादल को अकाल तख्त में तलब किया गया था, तब उन्होंने गुरु महाराज की हजूरी में अपनी गलतियों को स्वीकार किया था, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। लेकिन बाद में श्री मुक्तसर साहिब की रैली में उन्होंने अपने बयान से पलटते हुए कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की।
सुखबीर बादल द्वारा अपने खिलाफ अकाल तख्त में ‘साजिश’ होने के आरोप पर कंग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पांच सिंह साहिबान द्वारा सिख परंपराओं और इतिहास के आधार पर दिए गए फैसले को साजिश कहना बेहद शर्मनाक है।
सिख पंथ कभी माफ नहीं करेगा: कंग
कंग ने कहा कि सुखबीर बादल के बयानों से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और पंथ उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के लोग पहले ही उन्हें उनके राजनीतिक फैसलों के लिए सजा दे रहे हैं, और अब धार्मिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के लिए भी उन्हें जवाब देना पड़ेगा।
इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर बहस तेज हो गई है, जिससे आने वाले समय में सियासी माहौल और गर्माने की संभावना है।

More Stories
पंजाब में बारिश से मौसम सुहावना, ठंडी हवाओं गर्मी से राहत
शंभू रेलवे ट्रैक धमाके पर रंधावा का आप पर हमला, बोले सुरक्षा की गारंटी नहीं
पहले से धमकियों के बावजूद नहीं किए गए रोकथाम के उपाय : सुखजिंदर सिंह रंधावा