नई दिल्ली, 11 अप्रैल : ईरान-अमेरिका के बीच दो हफ्ते के सीजफायर की घोषणा ने वैश्विक स्तर पर अस्थायी राहत जरूर दी है, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक हलचल नए तनाव के संकेत दे रही है। ऊर्जा और व्यापार जैसे अहम क्षेत्रों में देशों की सक्रियता बढ़ गई है, और इसी बीच भारत भी अपनी कूटनीतिक व आर्थिक रणनीतियों को तेज करता नजर आ रहा है।
सीजफायर के बावजूद खाड़ी देशों में स्थिति पूरी तरह स्थिर नहीं है। ऊर्जा आपूर्ति, तेल व्यापार और क्षेत्रीय संतुलन को लेकर कई देश अपनी-अपनी रणनीतियों पर काम कर रहे हैं, जिससे भविष्य में तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
अमेरिका दौरे पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं, जहां वे लगातार उच्च स्तरीय बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरे का उद्देश्य भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। हाल ही में विक्रम मिसरी ने अमेरिका के उप विदेश सचिव क्रिस्टोफर लैंडौ के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, रक्षा और द्विपक्षीय संबंधों सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आगामी वर्ष के एजेंडे की व्यापक समीक्षा भी की।
अमेरिकी राजदूत ने जताई सकारात्मकता
भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा साझेदारी को लेकर भी अहम बातचीत हुई। अमेरिका के ऊर्जा सचिव क्रिस राइट और विक्रम मिसरी के बीच हुई चर्चा में सिविल न्यूक्लियर सहयोग, कोयला गैसीकरण और एलपीजी निर्यात जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस बैठक को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा हाल ही में पारित ‘शांति’ बिल के बाद दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा
लगातार हो रही बैठकों और संवाद से स्पष्ट है कि भारत और अमेरिका अपने संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बदलते वैश्विक हालात के बीच यह साझेदारी रणनीतिक रूप से और भी महत्वपूर्ण होती जा रही है।
यह भी देखें : गुजरात के पोरबंदर में शराब की दुकान को मंजूरी, लोगाें ने क्या कहा

More Stories
आईएसआई–बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पंजाब–दिल्ली से 11 गिरफ्तार
नेवी के जंगी जहाजों पर तैनात MiG-29K के सब सिस्टम भारत में होगा तैयार
गुजरात के पोरबंदर में शराब की दुकान को मंजूरी, लोगाें ने क्या कहा