April 14, 2026

सलमान खान, ए.पी. ढिल्लों विवाद से जुड़े आरोपी की डिपोर्टेशन की कार्रवाई रुकी

सलमान खान, ए.पी. ढिल्लों विवाद से जुड़े ...

टाेरंटो, 14 अप्रैल : कनाडाई अधिकारियों ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य अभिजीत किंगरा के डिपोर्टेशन (देश निकाला) की सुनवाई उस समय अचानक रोक दी, जब वर्चुअल कार्यवाही के दौरान उसकी लोकेशन का पता नहीं चल सका। इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड के एक सदस्य ने कहा कि “जब तक हमें यह नहीं पता कि वह कहां है, हम आगे की कार्रवाई नहीं कर सकते।”

रिपोर्ट के अनुसार, किंगरा हिरासत में ही था, लेकिन उसे एक जेल से दूसरी जेल में ट्रांसफर कर दिया गया था। यह ट्रांसफर बिना इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड और कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी को सूचित किए किया गया, जिससे सुनवाई में बाधा आई। बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि किंगरा हिरासत में ही था और इस गड़बड़ी के लिए खराब तालमेल को जिम्मेदार ठहराया गया।

एपी ढिल्लों के घर पर हमला

किंगरा पर आरोप है कि उसने 2024 में ब्रिटिश कोलंबिया के कोलवुड में पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के घर पर टारगेटेड फायरिंग और आगजनी की घटना को अंजाम दिया था।
उसने कई राउंड फायर किए और दो वाहनों को आग लगा दी। बताया जा रहा है कि किंगरा ने पूरे हमले को बॉडी कैमरे पर रिकॉर्ड किया और बाद में उसकी फुटेज अपलोड की।
इससे बिश्नोई गैंग को हमले की जिम्मेदारी लेने में मदद मिली।

सलमान खान विवाद से जुड़ा मामला

यह हमला कथित तौर पर बॉलीवुड अभिनेता Salman Khan से जुड़े एक बड़े विवाद के बाद हुआ था, जिससे इस गैंग की गतिविधियां और ज्यादा चर्चा में आ गईं। किंगरा स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था, जो बाद में समाप्त हो गया। अपराध कबूल करने के बाद उसे 2025 में छह साल की सजा सुनाई गई। वर्तमान में किंगरा एक आपराधिक संगठन के सदस्य के रूप में कनाडा से डिपोर्टेशन का सामना कर रहा है। कनाडाई अधिकारियों ने इंडो-कनाडियन समुदाय के खिलाफ बढ़ती जबरन वसूली और हिंसा के चलते इस गैंग को एक चरमपंथी संगठन के रूप में नामित किया है।