वॉशिंगटन, 16 अप्रैल: कैलिफोर्निया विधानसभा ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए बैसाखी को सिख-अमेरिकी समुदाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिवस के रूप में आधिकारिक मान्यता प्रदान की है। इस संबंध में विधानसभा सदस्य जस्मीत कौर बैंस द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव को 80 में से 76 सदस्यों का समर्थन मिला और इसे बैसाखी की पूर्व संध्या पर पारित कर दिया गया।
गवर्नर गेविन न्यूजॉम ने दी शुभकामनाएं
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूजॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सिख समुदाय को बैसाखी और नए साल की शुभकामनाएं देते हुए समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की।
प्रस्ताव में कहा गया है कि 14 अप्रैल 2026 को मनाई जा रही बैसाखी सिख इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है और यह सिख-अमेरिकी समुदाय की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान से गहराई से जुड़ा हुआ है। विधानसभा ने इस अवसर पर सिख समुदाय के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया। प्रस्ताव में विश्वभर के दक्षिण एशियाई समुदायों और प्रवासी भारतीयों के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया गया, जो इस त्योहार को उत्साहपूर्वक मनाते हैं।
अमेरिकी नेताओं ने भी दी बधाई
अमेरिकी नेताओं ने भी बैसाखी के अवसर पर सिख समुदाय को शुभकामनाएं दीं। सीनेट के वरिष्ठ नेता चक शूमर ने कहा कि यह दिन 1699 में खालसा पंथ की स्थापना का प्रतीक है, जो समानता, सेवा और साहस के मूल्यों को दर्शाता है।
इसके अलावा, टेक्सास की कांग्रेसी लिज़ी फ्लेचर और कैलिफोर्निया के कांग्रेसी ब्रैड शरमन ने सिख समुदाय के योगदान की सराहना की। मैरीलैंड के कांग्रेसी जैमी रास्किन ने इसे परिवार और दोस्तों के साथ मनाने वाला एक महत्वपूर्ण त्योहार बताया। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इसे सिख और हिंदू समुदायों के लिए सम्मान का एक ऐतिहासिक क्षण बताया है, जो विविधता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।

More Stories
फ्रांस का डिजिटल दुनियां में बड़ा कदम, अमरीका की चौधराहट को चुनौती
कार्नी और पोइलिवर के बीच कनाडा संसद में हुई तीखी बहस
जंग के साये में तेहरान के गुरुद्वारा साहिब में मनाई गई वैशाखी