April 16, 2026

गेहूं की खरीद शुरू न होने से किसानों में रोष, सरकार को दी चेतावनी

गेहूं की खरीद शुरू न होने से किसानों...

पटियाला, 16 अप्रैल: फसल कटाई के सीजन के बावजूद गेहूं की सरकारी खरीद शुरू न होने से नाराज़ किसानों ने आज भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के नेतृत्व में डीसी कार्यालय पटियाला के बाहर धरना दिया।

धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रदेश प्रचार सचिव जगतार सिंह कालाझाड़ ने कहा कि यह पहली बार है जब अप्रैल की शुरुआत में शुरू होने वाली खरीद अब तक शुरू नहीं हुई। उन्होंने बताया कि किसान पिछले 10 दिनों से मंडियों में गेहूं लेकर बैठे हैं, लेकिन खरीद न होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंडियों में गेहूं की ढेरियां लग चुकी हैं और अब नई फसल रखने के लिए जगह भी नहीं बची है। इससे किसानों का तुड़ी (पराली) प्रबंधन भी प्रभावित हो रहा है और वे दिन-रात मंडियों में ही परेशान हो रहे हैं।

कई किसान नेताओं ने किया संबोधन

किसान नेताओं ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मंडियों में बोली और खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर कई किसान नेताओं ने अपने विचार रखे और किसानों की समस्याओं को उठाया। उन्होंने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप कर खरीद प्रक्रिया शुरू करने की मांग की, ताकि किसानों को राहत मिल सके।