April 23, 2026

डोली विदाई की वीडियो बना रहे कैमरामैन को तेज रफ्तार कार ने कुचला

डोली विदाई की वीडियो बना रहे कैमरामैन...

सिरसा, 23 अप्रैल: हरियाणा के सिरसा में एक शादी का खुशियों भरा माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब एक युवा फोटोग्राफर की दुल्हन की विदाई के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। खुशी के पलों को कैमरे में कैद करने वाला युवक खुद हमेशा के लिए खामोश हो गया। यह हादसा सिरसा के हिसार रोड पर एक निजी मैरिज पैलेस के बाहर हुआ, जहां पिछली रात एक शादी समारोह आयोजित किया गया था। बुधवार सुबह जब दुल्हन की विदाई हो रही थी, 25 वर्षीय फोटोग्राफर मलकीत सिंह वीडियो शूट कर रहा था।

भावुक पलों को कैद करने के लिए वह सड़क के बीच चला गया। उसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह कई फीट दूर उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। चश्मदीदों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फोटोग्राफर मलकीत सिंह की दर्दनाक मौत

मृतक की पहचान मलकीत सिंह के रूप में हुई है, जो सिरसा के अभोली गांव का रहने वाला था और अपने भाई के साथ शादी समारोह की फोटोग्राफी कर रहा था। मृतक के भाई विष्णु ने बताया कि मलकीत विदाई की वीडियो बना रहा था, तभी एक अनियंत्रित कार ने पीछे से टक्कर मार दी। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक व वाहन को हिरासत में ले लिया। चालक फतेहाबाद का निवासी बताया जा रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।