April 27, 2026

सीनियर अकाली नेता सुखवंत सिंह सराओ भाजपा में शामिल

सीनियर अकाली नेता सुखवंत सिंह ...

चंडीगढ़, 27 अप्रैल : पंजाब की राजनीति में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखवंत सिंह सराओ ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक अश्वनी कुमार की मौजूदगी में सराओ ने अपने समर्थकों सहित पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पूर्व जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) गुरविंदर सिंह भुटाल भी भाजपा में शामिल हुए।

प्रशासन और राजनीति का लंबा अनुभव

सराओ ने पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला से कानून की डिग्री हासिल की है। उन्होंने पंजाब सरकार में संगरूर में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) और ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग में डिप्टी डायरेक्टर के रूप में सेवाएं दीं। 30 सितंबर 2011 को उन्होंने स्वेच्छा से समय से पहले सेवानिवृत्ति लेकर सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। 2012 के पंजाब विधानसभा चुनाव में सराओ ने लहरागागा (लहरा) सीट से शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा, जहां वे पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल से महज 3,345 वोटों के अंतर से हार गए। उनकी राजनीतिक यात्रा पूर्व अकाली नेता सुखदेव सिंह ढींडसा के साथ लंबे समय तक जुड़ी रही। जब ढींडसा ने अलग होकर नई पार्टी बनाई, तो सराओ भी उनके साथ हो गए।

पुनर सुरजीत दल के लिए बड़ा झटका

साल 2020 में सराओ शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) में शामिल हुए और वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे। उनका पार्टी छोड़ना इस दल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर मालवा क्षेत्र में। सराओ और गुरविंदर सिंह भुटाल का भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए एक बड़ी मजबूती के रूप में देखा जा रहा है। विशेष रूप से लहरागागा क्षेत्र में भाजपा अपने जनाधार को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

यह भी देखें : केजरीवाल खुद को कानून और अदालत से ऊपर समझने लगे हैं : सुनील जाखड़