May 19, 2026

शिमला में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 14 ग्राम चिट्टा बरामद, एक युवक गिरफ्तार

चिट्टा

शिमला, 19 मई 2026: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल और बालूगंज थाना की संयुक्त टीम ने तारादेवी क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 14 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाली कार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोलन का एक युवक ऑल्टो कार में चिट्टा लेकर शोघी से तारादेवी होते हुए शिमला की ओर आ रहा है। सूचना पर स्पेशल सेल की टीम तारादेवी बायफरकेशन पर गश्त कर रही थी। टीम ने तुरंत नाकेबंदी कर दी और संदिग्ध कार को रोका।

कार की तलाशी लेने पर उसमें से 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर ही नशीला पदार्थ जब्त कर लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान जय सिंगला (पुत्र मनोज कुमार) के रूप में हुई है। वह गांव बसाल, तहसील और जिला सोलन का निवासी है।

इस मामले में बालूगंज थाना पुलिस ने आरोपी जय सिंगला के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिमला पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है।

यह भी देखें: Kangra News: देहरा पुलिस ने नशा तस्कर की 39 लाख 48 हजार की संपत्ति की फ्रीज