August 22, 2026

पंजाब सरकार को हाई कोर्ट की कड़ी फटकार, हरभजन सिंह सुरक्षा मामले में जवाब दाखिल करने में लगातार लापरवाही

हरभजन सिंह सुरक्षा

चंडीगढ़, 20 मई 2026: पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की सुरक्षा हटाए जाने के मामले में पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

अदालत ने बुधवार को सुनवाई के दौरान सरकार को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि वह इस संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रही है।

सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार की ओर से फिर से जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया। इस पर हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई और कहा कि पिछली सुनवाई में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि अगली तारीख तक जवाब दाखिल किया जाए, फिर भी सरकार ने आदेश का पालन नहीं किया।

कोर्ट ने टिप्पणी की कि बार-बार समय मांगना यह साफ दर्शाता है कि सरकार मामले को लेकर गंभीर नहीं है।

अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए पंजाब सरकार को अंतिम मौका देते हुए अगले बुधवार तक विस्तृत जवाब दाखिल करने का आदेश दिया।

हाई कोर्ट ने साफ चेतावनी दी कि यदि अगली सुनवाई तक जवाब नहीं दाखिल किया गया तो एडीजीपी सिक्योरिटी को स्वयं अदालत में पेश होकर स्थिति स्पष्ट करनी होगी।

यह भी देखें: चुनाव में दबाव के आरोपों के बाद कार्रवाई, PCS अधिकारी वालिया का तबादला