October 18, 2026

शहीद एएसआई जोगा सिंह के परिवार से मिले रवनीत सिंह बिट्टू, बोले- हत्यारों को नहीं बख्शा जाएगा

रवनीत सिंह बिट्टू

चंडीगढ़, 31 मई 2026: केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हाल ही में शहीद हुए पंजाब पुलिस के एएसआई सरदार जोगा सिंह के परिवार से मुलाकात कर दुख साझा किया। वह शहीद पुलिस कर्मी के निवास स्थान पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

बिट्टू ने शहीद एएसआई जोगा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में केंद्र सरकार और पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब की अमन-शांति को बिगाड़ने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की हत्या करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा, “ऐसे गैंगस्टरों को चिड़ियाघर में सजाकर नहीं रखा जा सकता। कानून के मुताबिक उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो दूसरों के लिए भी मिसाल बने।”

बिट्टू ने कहा कि शहीद एएसआई जोगा सिंह के हत्यारों को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आईएसआई लगातार देश और खासकर सीमावर्ती राज्य पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करती रहती है। हालांकि उसकी साजिशों को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

यह भी देखें: ईडी की रेड पर भाजपा सांसद रवनीत बिट्टू ने लिखा “सब फड़े जाणगे…!”