June 6, 2026

अंबाला में अनिल विज ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बोले – मां के नाम एक पेड़ जरूर लगाएं

अनिल विज

चंडीगढ़, 5 जून 2026: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि पेड़-पौधे धरती का श्रृंगार हैं। इन्हें फिर से सजाना होगा और इस कार्य में हर व्यक्ति को आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों से जैसी धरती हमें मिली है, वैसी ही हमें युवा पीढ़ी को सौंपनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का आह्वान करते हुए अनिल विज ने कहा कि हर व्यक्ति को मां के नाम एक पेड़ अवश्य रोपित करना चाहिए।

अनिल विज बुधवार को अंबाला छावनी स्थित राजकीय पीजी कॉलेज में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने कॉलेज प्रांगण में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मंत्री ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज पूरे देश में पर्यावरण बचाने का संदेश दिया जा रहा है। पर्यावरण किसी शहर, जिले या प्रदेश का नहीं बल्कि समूची मानव जाति का है।

अनिल विज ने कहा कि मानव को जीवित रहने के लिए पांच तत्वों की जरूरत होती है – जल, वायु, भूमि, अग्नि और आकाश। ये सभी पर्यावरण का हिस्सा हैं। इनके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि हमें शुद्ध हवा और पानी मिले, इसके लिए पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हमारा दायित्व है। स्वच्छ धरती हो ताकि शुद्ध अनाज भी पैदा हो सके।

यह भी देखें: अनिल विज और एसपी उपासना के बीच तीखी बहस, बैठक में गरमाया माहौल