June 10, 2026

सिरसा में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 4.5 करोड़ की 89 किलो अफीम बरामद

अफीम

सिरसा, 10 जून 2026: सिरसा जिले के इतिहास में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना डिंग पुलिस और राजस्थान पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-9 पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 88 किलो 970 ग्राम अफीम बरामद की। इस नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े चार करोड़ रुपये बताई जा रही है।

डीएसपी राज सिंह ने बताया कि टीम ने टोल प्लाजा के पास संदिग्ध ट्रक को रोका। गहन तलाशी के दौरान ट्रक के नीचे लोहे की एंगल से बने विशेष गुप्त बॉक्स मिले। इन बॉक्सों में 95 पैकेटों में अफीम छिपाकर रखी गई थी।

पुलिस ने ट्रक चालक किशना राम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पाली जिले के राणावास थाना शिवपुरा का निवासी है। उसके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।

डीएसपी राज सिंह ने कहा कि यह सिरसा जिले में अफीम तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। इस मामले में थाना डिंग में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी देखें: चंबा में नशा तस्करों पर सख्ती, साहो में 878 अफीम के पौधे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार