June 12, 2026

जालंधर में दिनदहाड़े फायरिंग, किशनपुरा चौक स्थित BMS Fashion शोरूम को बनाया निशाना

फायरिंग

जालंधर, 12 जून 2026: जालंधर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक और घटना सामने आई है। शहर के किशनपुरा चौक स्थित BMS Fashion शोरूम पर शुक्रवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली शोरूम के शीशे पर लगी जिससे कांच टूट गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक बाइक पर सवार होकर शोरूम के सामने पहुंचे। उन्होंने चलते-चलते गोली चलाई और तुरंत वहां से निकल गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

शोरूम मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है।

वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार दो युवक शोरूम के सामने से गुजरते हुए फायरिंग करते हैं और फिर फरार हो जाते हैं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।

यह भी देखें: बटाला के सरूप वाली गांव में पुलिस पर फायरिंग, बदमाश के पैर में गोली लगी