June 12, 2026

हिमाचल में पंजाब के पर्यटकों की कार 400 फीट गहरी खाई में गिरी, जालंधर के 2 लोगों की मौत

accident

चंडीगढ़, 12 जून 2026: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पंजाब के पर्यटकों की कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सरसाड़ी के पास एक कार करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में जालंधर के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार पंजाब नंबर की यह कार मणिकर्ण से भुंतर की ओर जा रही थी। सरसाड़ी के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद कार सड़क से नीचे खाई में गिरते हुए पार्वती नदी के किनारे जा पहुंची।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। स्थानीय स्वयंसेवक शेरा नेगी ने घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे में परमिंदर (45) और निधि (19) निवासी जालंधर की मौत हो गई। इनमें एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

घायलों की पहचान रितु (40), मानव (17) निवासी जालंधर और आदित्य (6) निवासी कपूरथला के रूप में हुई है। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भुंतर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक घायल का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है।

ये भी देखें: हिमाचल में बड़ा हादसा, चम्बा में खाई में गिरी कार, 8 लोग लापता