चम्बा, 30 मई 2026: हिमाचल प्रदेश के चुराह उपमंडल में चम्बा-किलाड़ मार्ग पर कालाबन के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन में सवार 8 लोग लापता हैं। उनकी स्थिति के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग शुक्रवार को सचे जोत की ओर रवाना हुए थे, जिनमें 7 लोग बाहरी राज्यों के बताए जा रहे हैं। जब गाड़ी देर रात तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों में चिंता फैल गई। पांगी पुलिस चौकी से संपर्क करने पर पता चला कि गाड़ी उस क्षेत्र में पहुंची ही नहीं थी।
शनिवार को बैरागढ़ पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान कालाबन के पास वाहन के कुछ अवशेष मिले। खाई में नीचे देखने पर पुलिस और स्थानीय लोगों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन दिखाई दिया।
हादसा स्थल बेहद दुर्गम है। वहां पहुंचने के लिए कोई सीधा रास्ता नहीं है। इसके अलावा मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में काफी दिक्कतें आ रही हैं। अंधेरा होने के कारण शनिवार शाम को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।
तीसा प्रशासन ने हादसे की पुष्टि की है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि रविवार सुबह स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव दल फिर से घटनास्थल के लिए रवाना होगा। राहत कार्य शुरू होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं।
ये भी देखें: उधमपुर में बस खाई में गिरी, 20 से अधिक लोगों की दर्दनाक मौत

More Stories
हिमाचल सरकार जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 500 पद भरेगी, नौकरी से पहले डोप टैस्ट अनिवार्य
हिमाचल में ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, सेब किसानों की साल भर की मेहनत बर्बाद
पंचायत चुनाव में गंभीर अनुशासनहीनता, पोलिंग अधिकारी सस्पेंड, प्रत्याशी के लिए प्रचार का आरोप