June 12, 2026

खेल मंत्री गौरव गौतम का बड़ा एक्शन, हरियाणा की 10 खेल नर्सरियां तत्काल प्रभाव से बंद

गौरव गौतम

चंडीगढ़, 12 जून 2026: हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम खेल व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार लाने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने प्रदेश की खेल नर्सरियों में मिली अनियमितताओं पर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। नियमों की अनदेखी कर संचालित की जा रही 10 खेल नर्सरियों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।

हाल ही में खेल मंत्री ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। बैठक के दौरान उन्होंने प्रदेशभर में राजकीय स्कूलों और पंचायतों के अधीन चल रही खेल नर्सरियों की विस्तृत ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे।

खेल विभाग की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद मंत्री ने यह कार्रवाई की। जांच में कई नर्सरियों में नियमों के उल्लंघन और संचालन संबंधी खामियां सामने आई थीं। इसके बाद विभाग ने संबंधित नर्सरियों को बंद करने का फैसला लिया।

बंद की गई नर्सरियों में मेवात, यमुनानगर, हिसार और भिवानी जिलों की खेल नर्सरियां शामिल हैं। खेल मंत्री के अनुसार नूंह के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल की तीन खेल नर्सरियां बंद की गई हैं। वहीं यमुनानगर के शहीद परमिंद्र सिंह राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तेजली में संचालित साइक्लिंग नर्सरी को भी बंद कर दिया गया है।

इसके अलावा हिसार के राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आर्य नगर में संचालित बॉक्सिंग नर्सरी, गंगवा के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दो फुटबॉल नर्सरियां और मसूदपुर पंचायत की दो फुटबॉल नर्सरियां भी बंद की गई हैं।

भिवानी के जीएमएसएसएस में संचालित बॉक्सिंग और वॉलीबॉल की एक-एक नर्सरी को भी बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खेलों के विकास में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों के अनुसार काम करने वाली संस्थाओं को पूरा सहयोग मिलेगा, जबकि अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी देखें: हरियाणा महिला आयोग का हुआ पुनर्गठन, ऊषा प्रियदर्शनी बनीं नई अध्यक्ष