दिल्ली, 21 सितंबर 2026: दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर शनिवार को ऑपरेशनल दिक्कतों के चलते स्पाइसजेट की कई फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। कुछ फ्लाइट्स में देरी हुई जबकि कुछ रद्द भी की गईं। इसके कारण सैकड़ों यात्री परेशान हुए।
दिल्ली एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया पोस्ट में यात्रियों से माफी मांगी। एयरपोर्ट के मुताबिक ग्राउंड स्टाफ प्रभावित यात्रियों को जरूरी मदद दे रहा है और स्पाइसजेट के साथ मिलकर काम कर रहा है। स्पाइसजेट की ओर से फिलहाल कोई बयान नहीं आया है।
स्पाइसजेट की उड़ानों में पिछले कुछ दिनों में लगातार देरी की घटनाएं सामने आई हैं। 15 सितंबर को दिल्ली से दुबई जाने वाली दो फ्लाइट्स में घंटों की देरी हुई थी। इनमें एक फ्लाइट करीब 30 घंटे और दूसरी करीब 19 घंटे की देरी से रवाना हुई थी। इस दौरान करीब 200 यात्रियों ने एयरपोर्ट पर प्रदर्शन भी किया था।
स्पाइसजेट लंबे समय से वित्तीय और ऑपरेशनल चुनौतियों का सामना कर रही है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने तीन सितंबर को बताया था कि सरकार एयरलाइन के साथ उसके संचालन और वित्तीय स्थिति को लेकर लगातार बातचीत कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्पाइसजेट को उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा गया है और एयरलाइन ने जल्द इसमें सुधार का भरोसा दिया है। मंत्री के मुताबिक स्पाइसजेट ने सरकार से अतिरिक्त वित्तीय मदद नहीं मांगी है लेकिन ईसीएलजीएस के तहत फंड जुटाने की कोशिश कर रही है।
ये भी देखें: कोलकाता एयरपोर्ट पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का घेराव, लगे ‘चोर चोर’ और ‘जय श्री राम’ के नारे

More Stories
आगर-मालवा में बारिश के दौरान कार नाले में बही, तीन बच्चों समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत
पीएम मोदी ने 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र
दिल्ली में किशोरी से गैंगरेप और फिर हत्या, शव को कुत्तों ने नोंचा, चार आरोपी गिरफ्तार