चंडीगढ़, 21 सितंबर 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को जालंधर और पठानकोट के सुजानपुर में केंद्र की बीजेपी सरकार के यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त चार्ज लगाने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने सरकार के इस कदम को जनता की जेब पर सीधा डाका बताया। विरोध प्रदर्शन के दौरान गुस्साए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
जालंधर के शहीद भगत सिंह चौक पर हुए बड़े विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व AAP के सीनियर नेता पवन कुमार टीनू ने किया। पार्टी वॉलंटियर्स को संबोधित करते हुए पवन कुमार टीनू ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह फ़ैसला देश के व्यापारियों, स्टूडेंट्स और आम लोगों पर बहुत बड़ा आर्थिक बोझ है। बीजेपी सरकार की नीतियां हमेशा आम लोगों को राहत देने के बजाय उनका बजट बिगाड़ने की रही हैं।
AAP नेता पवन कुमार टीनू ने सरकार की नीतियों पर रोशनी डालते हुए कहा कि सबसे पहले मोदी सरकार ने देश के हर नागरिक को डिजिटल ट्रांज़ैक्शन अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद बैंकों में 50,000 रुपये से ज़्यादा के कैश लेन-देन पर रोक लगा दी गई। अब जब सालों की आदत के बाद देश का हर छोटा-बड़ा व्यापारी, दुकानदार और आम नागरिक पूरी तरह से यूपीआई पेमेंट पर निर्भर हो गया है, तो सरकार ने चुपचाप उस पर टैक्स का बोझ डाल दिया है।
इस फैसले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आप नेता ने कहा कि यूपीआई पर लगाया गया यह टैक्स पुराने ज़माने के ‘जज़िया टैक्स’ जैसा ही है, जो जनता से ज़बरदस्ती वसूला जा रहा है। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि केंद्र सरकार इस जनविरोधी फैसले को तुरंत वापस ले, नहीं तो आम लोगों के हक की यह लड़ाई पंजाब के कोने-कोने से लेकर दिल्ली तक और ज़ोरदार तरीके से लड़ी जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समाज के हर वर्ग के लोग एकजुट होकर बीजेपी सरकार के खिलाफ विरोध मार्च और धरने दे रहे हैं। देश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में मोदी सरकार ने यूपीआई टैक्स के नाम पर लोगों पर एक और भारी आर्थिक बोझ डाल दिया है।
यह भी देखें: अकाली दल के पास पंजाब के मुख्यमंत्री को निशाना बनाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा – बलतेज पन्नू

More Stories
5 प्राथमिकताएँ, एक मिशन: पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का ‘बिग 5’ अभियान
बादल परिवार ने अकाली दल को एक पारिवारिक पार्टी बना दिया – बलतेज पन्नू
एशियाई हॉकी फेडरेशन ने सीएम मान को जापान में एशियाई खेलों के हॉकी सेमीफाइनल और फाइनल देखने का निमंत्रण दिया