October 2, 2026

ईडी की कार्रवाई कोई एजेंसी रेड नहीं, बल्कि दिल्ली का पंजाब पर हमला – कुलदीप सिंह धालीवाल

कुलदीप सिंह धालीवाल

चंडीगढ़, 26 सितंबर 2026: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के सीनियर नेता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने आज केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि ईडी चुनी हुई सरकारों को डराने और निशाना बनाने के लिए सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।

चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसा दौर पहले कभी नहीं देखा गया जब राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का इस हद तक इस्तेमाल किया जा रहा हो। भाजपा लोगों के वोटों से राजनीतिक लड़ाई जीतने में नाकाम रही है, इसलिए वह डर का माहौल बनाकर, विपक्षी पार्टियों को तोड़कर और नेताओं पर दबाव बनाकर सत्ता हथियाना चाहती है।

पंजाब में हाल ही में हुए ईडी ऑपरेशन का जिक्र करते हुए धालीवाल ने साफ किया कि इसका असली मकसद आप नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों को डराना और पंजाब सरकार को बदनाम करना है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आम आदमी पार्टी सरकार पर ईडी की रेड नहीं है, बल्कि यह ‘पंजाब पर दिल्ली का हमला’ है। पंजाब का इतिहास गवाह है कि जब भी किसी बाहरी ताकत ने पंजाब को दबाने या अपने अधीन करने की कोशिश की है, पंजाबियों ने हमेशा उसका डटकर मुकाबला किया है।

कुलदीप धालीवाल ने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और देश के दूसरे हिस्सों में भी यही फॉर्मूला अपनाया है, जहां एजेंसियों के जरिए विपक्षी पार्टियों की सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश की गई। अब पंजाब में भी यही खेल दोहराया जा रहा है। लेकिन भाजपा भूल रही है कि न तो आम आदमी पार्टी के नेता और न ही पंजाब के लोग डरते हैं।

यह भी देखें: चंडीगढ़ में बम धमकी से हड़कंप, सचिवालय और पुलिस मुख्यालय खाली कराए