चंडीगढ़, 03 नवंबर 2026: हर बच्चे का सुरक्षित स्कूल पहुंचना उसका अधिकार है। इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक बच्चा स्कूल आते-जाते समय पूरी तरह सुरक्षित रहे।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वर्ष 2025 से सितंबर 2026 तक सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत प्रदेशभर में कुल 13,995 स्कूल बसों की जांच की गई। इनमें से 3,621 बसों के चालान किए गए, जबकि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली 31 बसों को जब्त किया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई बच्चों की सुरक्षा के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान जिला स्तरीय स्कूल वाहन जांच समितियों द्वारा 8,325 स्कूल बसों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 2,026 बसों के चालान किए गए और 24 बसों को जब्त किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि जनवरी से सितंबर 2026 तक चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 5,670 स्कूल बसों की जांच की गई। इनमें से 1,595 बसों के चालान किए गए तथा सुरक्षा मानकों पर खरी न उतरने वाली 7 बसों को जब्त किया गया।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार ने बच्चों की जिंदगी से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने उपायुक्तों, जिला स्कूल वाहन जांच समितियों, संबंधित विभागों, स्कूल प्रबंधन और ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिए कि सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब

More Stories
पंजाब-चंडीगढ़ में सुबह-शाम बढ़ी ठंड, तापमान में 1.5 डिग्री की कमी
गुरदासपुर के दो छात्रों की सड़क हादसे में मौत, कॉलेज जाने के लिए घर से निकले थे
पंजाब भर की 37.43 लाख से अधिक माताओं-बहनों के बैंक खातों में 1,291 करोड़ रुपये की सम्मान राशि ट्रांसफर की गई- सीएम मान