November 21, 2026

एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड: मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी हैप्पी बाहमण जीरकपुर से गिरफ्तार

एएसआई इकबाल सिंह case

चंडीगढ़, 21 नवंबर 2026: पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जीरकपुर में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) इकबाल सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर हरप्रीत सिंह उर्फ ‘हैप्पी बाहमण’ को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।

गिरफ्तार आरोपी ‘हैप्पी बाहमण’ तरनतारन जिले के पट्टी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अकबरपुरा कच्चा पक्का का निवासी है। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के साथ मौजूद एक महिला साथी को भी गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात एएसआई इकबाल सिंह की 11 अक्टूबर, 2026 को तरनतारन जिले में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद एजीटीएफ की टीमों ने आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया था। लगातार तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमों ने चंडीगढ़, दिल्ली और जयपुर (राजस्थान) में आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः जीरकपुर के एक होटल से ‘हैप्पी बाहमण’ को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी के अन्य साथियों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एजीटीएफ) प्रमोद बान ने बताया कि पुलिस को पुख्ता तकनीकी एवं खुफिया जानकारी मिली थी कि हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बाहमण जीरकपुर के एक होटल में छिपा हुआ है। उन्होंने बताया कि तत्काल कार्रवाई करते हुए डीएसपी (ऑपरेशंस), एजीटीएफ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए होटल की घेराबंदी कर ली।

उन्होंने आगे बताया कि घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें हैप्पी बाहमण घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब