November 24, 2026

‘आप’ की मोगा महारैली पंजाब के राजनीतिक इतिहास में नया अध्याय लिखेगी- कुलदीप सिंह धालीवाल

कुलदीप सिंह धालीवाल

चंडीगढ़, 24 नवंबर 2026: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता, विधायक और मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने 26 तारीख को मोगा में होने जा रही पार्टी की महारैली को पंजाब की राजनीति में एक नया इतिहास रचने वाला समागम करार दिया है। मोगा रैली की तैयारियों का जायजा लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए धालीवाल ने बताया कि 116 एकड़ के विशाल क्षेत्र में लगाया गया यह पंडाल पंजाब के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा पंडाल है, जहां लाखों की संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक मंच से पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान 2027 के चुनावों के लिए चुनाव अभियान का शानदार आगाज करेंगे और पिछले पांच सालों के कामकाज का लेखा-जोखा पंजाब के लोगों के सामने रखेंगे।

पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि देश की आजादी के बाद 75 साल राज करने वाली पारंपरिक पार्टियों अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा ने सिर्फ लंबे-चौड़े चुनावी घोषणापत्र जारी कर लोगों को गुमराह किया, जबकि ‘आप’ ने घोषणापत्र के बजाय सिर्फ 5 गारंटियां दी थीं और पांच सालों में पांचों गारंटियां पूरी करके इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में हर घर को मुफ्त बिजली मिलने से प्रति परिवार सालाना 18,000 रुपये और पांच सालों में करीब 90,000 रुपये की सीधी बचत हुई है। इसी तरह मोहल्ला क्लीनिकों में 42 तरह के टेस्ट मुफ्त हो रहे हैं, महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर और घर बैठे मानदेय मिल रहा है, शगुन योजना के तहत बेटियों की शादी के लिए 51,000 रुपये दिए जा रहे हैं और सबसे बड़ा जनहितैषी फैसला लेते हुए हर अमीर-गरीब के लिए 10 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा इलाज सुनिश्चित किया गया है।

खेतीबाड़ी और पानी के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि मान सरकार ने रिकॉर्ड 15,000 किलोमीटर लंबी पाइपलाइनें बिछाकर और नहरों-रजवाहों को पक्का करके नहरी पानी पंजाब के हर खेत और कोने तक पहुंचाया है, जिसकी बदौलत भूजल स्तर करीब 2 मीटर तक ऊपर उठा है। उन्होंने कहा कि नहरी पानी के सही वितरण से धान की रिकॉर्ड पैदावार और बेहतर गुणवत्ता आई है, वहीं पहले 3,000-3,300 रुपये प्रति क्विंटल बिकने वाली बासमती का किसानों को 4,000 से 5,500 रुपये तक का रिकॉर्ड भाव मिला है और गन्ने का भुगतान भी समय पर किया गया है।

केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए धालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर पंजाब और सिखों के साथ लगातार भेदभाव करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के पानी, चंडीगढ़, विश्वविद्यालयों और राज्य के हिस्से के फंड के हर मसले में केंद्र ने पंजाब के साथ ज्यादती की है। उन्होंने पटना साहिब के पास बनने वाले पुल और सड़क का हवाला देते हुए कहा कि वहां की सरकार की ओर से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर प्रस्ताव पारित होने के बावजूद भाजपा ने वोट की राजनीति करते हुए उसका उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री के नाम पर करके सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने अकाली दल पर भी तंज कसते हुए कहा कि जो लोग कभी क्षेत्रीय पार्टियों की वकालत करते हुए दिल्ली की पार्टियों के साथ न चलने की बातें करते थे, वे आज लोगों द्वारा नकारे जाने के बाद भाजपा के साथ गठबंधन करने के लिए छटपटा रहे हैं।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब