चंडीगढ़, 24 नवंबर 2026: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का असर अब सिर्फ इन दोनों देशों तक सीमित नहीं है। इसकी वजह से दुनिया के कई देशों में खाद्य संकट गहराने का खतरा पैदा हो गया है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस मुद्दे को उठाते हुए 1943 के बंगाल अकाल की याद दिलाई।
भारत ने चेतावनी दी कि युद्ध के कारण खाद्यान्न की सप्लाई समुद्री रास्तों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में रुकावट का सबसे ज्यादा नुकसान दुनिया के उन गरीब और विकासशील देशों को उठाना पड़ सकता है जिनका इस युद्ध से कोई सीधा संबंध नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने सोमवार को सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा कि रूस और यूक्रेन वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिए बेहद अहम देश हैं। इन दोनों देशों में कृषि उत्पादन समुद्री रास्तों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में आने वाली किसी भी रुकावट का असर युद्ध क्षेत्र से बहुत दूर तक पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही कह चुके हैं कि यह युद्ध का युग नहीं है। ग्लोबल साउथ यानी विकासशील देशों के लिए शांति सिर्फ एक विचार नहीं है। शांति का असली मतलब तब है जब लोगों को भूखा न रहना पड़े और उन्हें खाने के लिए भोजन मिल सके।
पी हरीश ने अपने संबोधन में 1943 के बंगाल अकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस भयावह त्रासदी में भारत के 30 लाख से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। यह इतिहास इस बात की याद दिलाता है कि युद्ध के फैसले भले ही कुछ देश लेते हैं लेकिन उनकी कीमत कई बार उन लोगों को भी चुकानी पड़ती है जिनका युद्ध शुरू करने में कोई योगदान नहीं होता।
उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध का संदर्भ देते हुए कहा कि उस समय बंगाल क्षेत्र में पैदा हुए खाद्यान्न को औपनिवेशिक युद्ध की जरूरतों के लिए दूसरी जगह भेजा गया था। अनाज के भंडार भी नष्ट किए गए थे। इसका नतीजा बड़े पैमाने पर भुखमरी और मौतों के रूप में सामने आया। भारत ने कहा कि आज के हालात भी कुछ इसी तरह की चिंता पैदा कर रहे हैं।
ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब

More Stories
कनाडा ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को मोस्ट वांटेड गैंगस्टर किया घोषित, पर 1.62 करोड़ का इनाम रखा
चीन पहुंचे ट्रंप, शी जिनपिंग ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, दोनों नेता एक-दूसरे से गले मिले
राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में जाकर किया ‘वोट चोरी’ का दावा, भाजपा बोली- ‘वह भारत के मीर जाफर हैं’