November 24, 2026

सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे पर इमरान मसूद बोले- हम किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रहे

इमरान मसूद

चंडीगढ़, 24 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश किए जाने की खबर पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने साफ कहा कि उनकी पार्टी किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटें मांगने और आपसी सहयोग के बीच फर्क होता है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत अभी जारी है।

इमरान मसूद ने कहा कि मुझे नहीं पता कि समाजवादी पार्टी यह पेशकश कब कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं किसी से किसी भी चीज के लिए भीख नहीं मांग रहा हूं। सीटें मांगने और गठबंधन में सहयोग करने के बीच अंतर होता है। गठबंधन में किसी को कुछ मांगने की जरूरत नहीं पड़ती बल्कि दोनों दल आपसी सहमति और सहयोग से फैसला करते हैं। गठबंधन के भीतर यह आपसी सहयोग की बात होती है। हम बैठकर इस पर चर्चा करेंगे। उम्मीद है कि आज सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो जाना चाहिए।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी सपा के साथ सीटों के बंटवारे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कोशिश होगी कि दोनों दलों के बीच समझौता हो जाए। राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक दोनों पार्टियों के बीच ऐसा समझौता होना चाहिए जो सौहार्दपूर्ण होने के साथ-साथ सम्मानजनक भी हो। यानी कांग्रेस चाहती है कि सीटों का बंटवारा दोनों दलों की सहमति से हो और किसी को भी ऐसा न लगे कि उसके साथ समझौता करने में कोई दबाव बनाया गया है।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब