November 27, 2026

पंजाब की महिलाएं घर के पुरुषों को ‘‘आप’’ को वोट देने के लिए करें तैयार- केजरीवाल

aap election

चंडीगढ़, 27 नवंबर 2026: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने पार्टी के स्थापना दिवस पर पंजाब के मोंगा में आयोजित ‘खुशहाल पंजाब’ महारैली में उमड़ी लाखों की भीड़ को संबोधित कर चुनाव का शंखनाद कर दिया। लोगों का प्यार देखकर उत्साहित अरविंद केजरीवाल ने 2027 में एक बार फिर भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आप सभी भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट जरूर देंगी, लेकिन मेरी अपील है कि आप अपने घर के पुरुषों को भी आम आदमी पार्टी को वोट देने के लिए मनाएं। मावां-धीयां, 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा, फ्री बिजली, तीर्थ यात्रा समेत अन्य योजनाएं जारी रखने के लिए एकमात्र शर्त यह है कि भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाएं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार पूरे देश को महंगाई की मार दे रही है। सीएम भगवंत मान ने हजार रुपए इस महंगाई की मार से लड़ने के लिए बड़ा सहारा दिया है। पांच साल के अंदर सीएम भगवंत मान ने मेरी सारी चुनावी गारंटियां भी पूरी करके दिखाई है। उन्होंने कांग्रेस, अकाली, भाजपा से सवाधान करने की अपील करते हुए कहा कि इन्होंने घोषणा कर दी है कि अगर ये सरकार में आए तो भगवंत मान सरकार की चल रही सारी योजनाएं बंद कर देंगे। पंजाब के लोग दिल्ली से सीख ले सकते हैं। आज दिल्ली के लोग भाजपा को वोट देकर पछता रहे। भाजपा सरकार ने ‘‘आप’’ सरकार की सारी योजना बंद कर दी है।

रैली को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने संविधान बनाया था और 26 नवंबर 2016 को आम आदमी पार्टी का स्थापना हुआ था। यह कोई संयोग नहीं है। मुझे लगता है कि ऊपर वाले का इशारा है कि आज जिस तरह हमारे देश में संविधान को रौंदा जा रहा है, संविधान को कुचला जा रहा है और अपमान किया जा रहा है, ऊपर वाले ने 26 नवंबर को आम आदमी पार्टी की स्थापना करके संविधान बचाने की जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी को दी है। 1949 में बाबा साहब अंबेडकर ने कहा था, ‘‘सबकी बराबरी’’ और 26 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी ने जिम्मेदारी ली और कहा है, अब आम आदमी की बारी। अब देश को नेता नहीं, आम आदमी चलाएगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब सरकार चलाते हुए 5 साल हो गए। 5 साल पहले 2022 के चुनाव में मैंने पंजाब को कुछ गारंटी दी थी। केजरीवाल की गारंटी मतलब धोखा नहीं, पक्की गारंटी। भगवंत मान ने मेरी सारी गारंटी पूरी कर दी है। फ्री बिजली देने की गारंटी दी थी, आज सबको फ्री बिजली मिल रही है। तीर्थयात्रा करा रहे, मोहल्ला क्लीनिक बन गए। हमने फ्री इलाज कराएंगे, सबका 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा बन गया है। हमने शिक्षा अच्छी करने की गारंटी दी, आज कई स्कूल अच्छे हो गए हैं। अभी कई और स्कूल अच्छे होने बाकी हैं। अगले 5 साल में बचे हुए स्कूलों को भी शानदार बनाएंगे। हमने सभी महिलाओं को उनके खाते में हजार रुपए महीना देने का वादा किया था। हमारी यह सबसे बड़ी गारंटी थी और इसे भी हमने पूरी कर दी है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं मावां-धीयां गारंटी पूरी करने में बहुत देर कर दी। इतने देर में क्यों दी? मैं मानता हूं कि इस गारंटी को पूरी करने में हमें तीन-चार साल लग गए। लेकिन इसका कारण यह है कि हमारे से पहले जितनी सरकारें थीं, वो पंजाब का सारा खजाना लूट कर चली गईं। उन्होंने अपने बच्चों के लिए स्वीटजरलैंड में अकाउंट खोल रखे हैं। बड़ी-बड़ी प्रॉपर्टी बना रखी है। उनके पास बड़ी-बड़ी गाड़ियां हैं। जब हमने सरकार संभाली थी, तब पंजाब का खजाना खाली था। पंजाब के खजाने को भरने में 4 साल लग गए। पूरी ईमानदारी के साथ सरकार का एक- एक पैसा बचाकर खजाना भरा। इसलिए थोड़ी देर लग गई। हम तो सरकार बनते ही पैसा देना चाहते थे।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब