November 26, 2026

हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र शुरू: सीएम नायब सैनी ने पढ़ा शोक पत्र, कार्यवाही 12.30 बजे तक स्थगित

Haryana Assembly

चंडीगढ़, 26 नवंबर 2026: हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक पत्र पढ़ा। शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही 12.30 बजे तक स्थगित कर दी गई।

सत्र में संविधान दिवस पर प्रदेश के 60 साल के सफर और आने वाले समय में हरियाणा को विकसित बनाने के लक्ष्य पर चर्चा होगी। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के विधायक आमने-सामने होंगे। भाजपा जहां अपनी सरकार के काम गिनाएगी वहीं कांग्रेस बेरोजगारी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल करेगी।

सरकार ने विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए भी तैयारी की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भाजपा विधायकों के साथ बैठक कर सत्र की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि सदन में कौन मंत्री और विधायक किस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखेगा। साथ ही विपक्ष के आरोपों का जवाब आंकड़ों और तथ्यों के साथ देने की तैयारी की गई।

सत्र की शुरुआत से पहले विधानसभा परिसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण सभी विधायकों और सदस्यों को संविधान की प्रस्तावना पढ़वाएंगे।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब